CG Janjgir-Champa News: आपत्तिजनक वीडियो वायरल कर रंगदारी मांगने वाला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा

CG Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए युवती को प्रेमजाल में फंसाकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने तथा 70 हजार रुपये की रंगदारी मांगने वाले मुख्य आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। साइबर तकनीक और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने उसे रोहतास जिले से दबोचा। मामले में इससे पहले दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर बनाया अश्लील सामग्री

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने सिटी कोतवाली जांजगीर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी अकबर खान ने इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे दोस्ती की थी। दोस्ती बढ़ने के बाद आरोपी जांजगीर आया और झूठे वादों व बहानों से युवती का विश्वास जीत लिया।

आरोप है कि इसी दौरान उसने युवती के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में उन्हीं फोटो और वीडियो का इस्तेमाल कर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

फोटो हटाने के बदले मांगे 70 हजार रुपये

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने उसके निजी फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल करने शुरू कर दिए। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने सामग्री हटाने के एवज में 70 हजार रुपये की मांग की।

लगातार ब्लैकमेलिंग, धमकी और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने पुलिस की शरण ली और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

साइबर सेल की मदद से बिहार तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार कंवर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

साइबर सेल ने आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई इंस्टाग्राम आईडी, मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन बिहार के रोहतास जिले में मिली।

इसके बाद जांजगीर पुलिस की टीम बिहार पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी अकबर खान को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में स्वीकार किया अपराध

पुलिस पूछताछ में आरोपी अकबर खान ने युवती के फोटो और वीडियो वायरल कर ब्लैकमेलिंग करने का अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपी अकबर खान (20 वर्ष), निवासी ग्राम चूरेसर, जिला रोहतास (बिहार) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं दो आरोपी

इस मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है—

  • प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष), निवासी पाली भाठापारा, जांजगीर
  • शिवम भवानी (19 वर्ष), निवासी स्कूल पारा, नहर के पास, पाली, जांजगीर

दोनों आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने किसी अन्य युवती को भी इसी प्रकार ब्लैकमेल किया है या नहीं। जांच के आधार पर आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

इस कार्रवाई को साइबर अपराध और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग के खिलाफ जांजगीर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *