No Confidence Motion: अविश्वास प्रस्ताव पर दिखा CM साय का रौद्र रूप: विपक्ष के आरोपों को बताया जनादेश का अपमान; आंकड़ों और योजनाओं से घेरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक ऐसा रूप सामने आया, जिसने न केवल राजनीतिक विश्लेषकों को चौंकाया, बल्कि राज्य की सियासत में नेतृत्व की एक नई परिभाषा भी लिख दी। अमूमन अपनी सादगी, सौम्यता और बेहद सरल स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले मुख्यमंत्री साय के इन तल्ख तेवरों ने विरोधियों को स्पष्ट संदेश दे दिया कि शालीनता उनकी कमजोरी नहीं, बल्कि उनका आभूषण है। सदन में जब बात जनता के जनादेश और सरकार के आत्मसम्मान की आई, तो सीएम साय ने फ्रंट फुट पर आकर पूरी आक्रामकता के साथ मोर्चा संभाला। उनके इस बदले अंदाज ने जहां सत्ता पक्ष के भीतर एक नए उत्साह का संचार किया, वहीं विपक्ष को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।

अविश्वास प्रस्ताव को बताया छत्तीसगढ़ की जनता का अपमान

संसदीय लोकतंत्र में अविश्वास प्रस्ताव भले ही विपक्ष का एक संवैधानिक अधिकार हो, लेकिन मुख्यमंत्री ने अपने सारगर्भित और तीखे भाषण से इसे विपक्ष की राजनीतिक हताशा का दस्तावेज़ तब्दील कर दिया। उन्होंने बेहद चतुराई और तार्किकता के साथ इस अविश्वास प्रस्ताव को सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता के फैसले का अपमान करार दिया। हालिया विधानसभा चुनाव में मिले स्पष्ट बहुमत, लोकसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत और नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा के पक्ष में आए नतीजों का हवाला देकर उन्होंने विपक्ष को आईना दिखाया कि अविश्वास वास्तव में जनता का सरकार पर नहीं, बल्कि खुद विपक्ष पर है, जिसे जनता बार-बार नकार चुकी है।

जनकल्याणकारी योजनाओं और आंकड़ों से विपक्ष को घेरा

सीएम साय का यह आक्रामक अंदाज केवल राजनीतिक बयानों तक सीमित नहीं था, बल्कि वह जमीनी आंकड़ों और जनकल्याण की ताकतों से पूरी तरह लैस था। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए बेहद सीधे सवाल दागे और पूछा कि विपक्ष का यह अविश्वास आखिर किस पर है? क्या उन पच्चीस लाख किसानों पर है, जिन्हें इकतीस सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का ऐतिहासिक लाभ मिल रहा है, या उन सत्तर लाख से अधिक माताओं-बहनों पर है, जिन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने उनके खातों में सम्मान राशि मिल रही है? लोक-कल्याणकारी योजनाओं और अपनी सरकार के ठोस रिपोर्ट कार्ड को ढाल बनाकर मुख्यमंत्री ने विपक्ष के हर वार को नाकाम कर दिया।

सूबे की सियासत में मजबूत नेतृत्व का बड़ा संदेश

इस पूरे घटनाक्रम से छत्तीसगढ़ की राजनीति में यह बड़ा संदेश गया है कि राज्य को विष्णुदेव साय के रूप में एक ऐसा परिपक्व नेतृत्व मिल चुका है, जो खामोशी से काम करना भी जानता है और वक्त आने पर विरोधियों को उनकी राजनीतिक जमीन याद दिलाना भी जानता है। पाँच वर्षों के पूर्ववर्ती शासन की कमियों और अपनी सरकार के सुशासन के अंतर को उन्होंने जिस बेबाकी से रेखांकित किया, उसने साफ कर दिया कि उनकी सरकार विकास के एजेंडे से पीछे हटने वाली नहीं है। विधानसभा में मुख्यमंत्री का यह बुलंद आत्मविश्वास और आक्रामक राजनीतिक तेवर छत्तीसगढ़ के भविष्य के लिए एक बेहद सकारात्मक संकेत है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *