Bilaspur News : सावधान! एटीएम में अनजान युवक से मदद लेना पड़ा भारी, पिन देखकर बदला कार्ड और खाली कर दिया खाता

Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में एटीएम में मदद करने के बहाने 40 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर युवक ने पहले पीड़ित का एटीएम पिन देख लिया, फिर चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और कुछ ही देर में खाते से चार बार में 40 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, जगदीश प्रसाद राठौर, निवासी ग्राम परसदा (भरनी), केंद्रीय रेशम बोर्ड परसदा में कार्यरत हैं। वह सकरी बाजार चौक स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान एटीएम के अंदर मौजूद एक युवक ने मदद के बहाने उनसे दोबारा कार्ड मशीन में डालने और पिन दर्ज करने को कहा।

आरोप है कि इसी दौरान युवक ने उनका एटीएम पिन देख लिया और मौका मिलते ही उनका कार्ड बदल दिया। पीड़ित को इसकी भनक नहीं लगी और वह वहां से चला गया।

कुछ देर बाद जब पीड़ित गनियारी स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम पहुंचा तो कार्ड काम नहीं कर रहा था। इसी दौरान मोबाइल पर खाते से 10-10 हजार रुपये के चार ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 40 हजार रुपये निकाले जाने के मैसेज मिले।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तुरंत बैंक पहुंचकर अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया और सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान और तलाश की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *