Bhilai News: बी-ब्लॉक तालपुरी रेसिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन की नई टीम ने संभाली कमान, भव्य समारोह में हुआ शपथ ग्रहण

CG bhilai News: भिलाई। बी-ब्लॉक, तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोनी रेसिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक ललित चंद्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वार्ड पार्षद सविता धवस की भी विशेष उपस्थिति रही।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील चौरसिया एवं अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान सांसद विजय बघेल ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि रेसिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन किसी भी कॉलोनी के विकास, स्वच्छता, सुरक्षा और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी कॉलोनीवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए जनहित और विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देगी तथा सामूहिक सहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में योगदान देगी।

शपथ ग्रहण करने वालों में अध्यक्ष सुनील चौरसिया, महासचिव आर.के. दत्ता, डॉ. लक्षप्रद, जितेंद्र, पायल सिंह पवार, श्यामलाल देवांगन, रामनारायण साहू, के.एन. दिवाकर, काशीराम देशमुख, भीमराव फुसे, आई.एम. वाम्हने, आर. राजेंद्रन, सुरेश पिल्लई, एस.एल. वर्मा, अंजली तिवारी, इग्नीशियस मेंडोस, एस.पी. बराल, शत्रुधन साहू, इंद्रजीत सिंह और एस.के. चक्रवर्ती सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

इस अवसर पर महिला समिति की अध्यक्ष रेखा सिंह एवं उनकी टीम तथा तालपुरी वरिष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष आई.एम. वाम्हने और उनकी टीम ने भी अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण लोक धरोहर सांस्कृतिक संस्था, आहिवारा की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमुदाय का भरपूर मनोरंजन किया और समारोह को यादगार बना दिया।

अंत में उप महासचिव पायल पवार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में कॉलोनी के सैकड़ों निवासी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह सौहार्द, सामाजिक एकता और जनभागीदारी के वातावरण में संपन्न हुआ।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *