CG News : छत्तीसगढ़ में लागू होगा UCC, राहुल गांधी के दौरे पर CM साय का तंज- ‘जहां जाते हैं, वहां बंटाधार होता है’

CG News :

जशपुर / रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने को लेकर बड़ा बयान दिया है। जशपुर रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में यूसीसी लागू होगा और इसके लिए कमेटी का गठन भी कर दिया गया है, हालांकि आगामी मानसून सत्र में इसे इतनी जल्दी नहीं लाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री निवास में देर रात तक चली हाई लेवल बैठक और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दौरों को लेकर भी सीएम साय ने खुलकर अपनी बात रखी।

CM हाउस की बैठक पर बोले साय- ‘यह कोई आपातकालीन बैठक नहीं थी’

मुख्यमंत्री निवास में मंत्रियों और संगठन के नेताओं की देर रात तक चली बैठक को लेकर सीएम साय ने कहा कि यह कोई आपातकालीन बैठक नहीं थी।

  • समीक्षा बैठक: पीएम मोदी के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में ’12 साल विश्वास के, विकास के, 12 साल बेमिसाल’ जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

  • कार्य विभाजन: इस अभियान के तहत सभी मंत्रियों और विधायकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसकी बैठक में समीक्षा की गई।

राहुल गांधी के दौरे पर तीखा हमला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा:

“राहुल गांधी जहां-जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस का बंटाधार ही होता है। उनका क्या हश्र होता है, यह सब जानते हैं। अपनी कथनी और करनी के कारण कांग्रेस जनता के बीच पूरी तरह विश्वास खो चुकी है। पार्टी के भीतर आपसी मनमुटाव और सिर-फुटव्वल की स्थिति है, बाकी सब दिखावा है।”

छत्तीसगढ़ के ‘धान खरीदी मॉडल’ का अध्ययन करने पहुंचे महाराष्ट्र के विधायक

महाराष्ट्र विधायक दल के छत्तीसगढ़ दौरे पर सीएम साय ने बताया कि विधायकों के एक ग्रुप ने मुख्यमंत्री निवास में उनसे मुलाकात की है। छत्तीसगढ़ में जिस सुव्यवस्थित तरीके से धान की खरीदी की जाती है, महाराष्ट्र का यह दल उसी का अध्ययन करने के लिए यहाँ आया हुआ है।

जशपुर में भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति का अनावरण

अपने जशपुर प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे वहाँ भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे रात्रि विश्राम अपने गृह ग्राम ‘बगिया’ में करेंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *