CG News: एक रात, दो हादसे: कोरबा में मातम, दंतेवाड़ा में सड़क दुर्घटना से मचा हड़कंप

CG News: कोरबा/दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार रात प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। कोरबा जिले में एक तेज रफ्तार बाइक ठेले से टकरा गई, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दंतेवाड़ा जिले में मेटाडोर और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

कोरबा में ठेले से टकराई बाइक, युवक की मौके पर मौत

पहला हादसा कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुनील गुप्ता (35 वर्ष) निवासी बालको के रूप में हुई है, जो नगर निगम में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह बाइक से जा रहा था।

उधर कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति अपना ठेला टीपी नगर से बुधवारी की ओर लेकर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ठेले से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए

घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

दंतेवाड़ा में हाईवे पर आमने-सामने भिड़े दो वाहन

वहीं दूसरा हादसा दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र में हुआ। नेशनल हाईवे गीदम-जगदलपुर मार्ग पर जवांगा के पास मेटाडोर और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

दो लोग घायल, अस्पताल में उपचार जारी

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने घायलों को बाहर निकालकर गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में दोनों घायलों का इलाज जारी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस कर रही हादसों के कारणों की जांच

दोनों घटनाओं के बाद संबंधित थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे किन परिस्थितियों में हुए और कहीं लापरवाही इसकी वजह तो नहीं बनी।

सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल

लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *