महाराष्ट्र के परभणी में हनुमान मंदिर की छत गिरी, 7 की मौत, 25 घायल, राहत और बचाव कार्य जारी

Maharashtra Parbhani Accident: परभणी। महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यशवाड़ी देवस्थान स्थित हनुमान मंदिर के सामने बन रहे सभा मंडप की निर्माणाधीन छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में हनुमान मंदिर के ठीक सामने एक सभा मंडप का निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। दोपहर के समय बड़ी संख्या में लोग दर्शन-पूजन के बाद प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन मंडप का स्ट्रक्चर अचानक ढह गया और पत्थर तथा अन्य निर्माण सामग्री नीचे मौजूद लोगों पर गिर गई।

CCTV में कैद हुआ हादसा

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे श्रद्धालु लाइन में खड़े होकर प्रसाद ले रहे थे, तभी बांस और लोहे की रॉड से बना सेंट्रिंग स्ट्रक्चर अचानक टूट गया। कुछ ही सेकंड में पूरा ढांचा गिर गया और वहां अफरा-तफरी मच गई।

मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए चला राहत अभियान

हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। मंडप में मौजूद लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी मलबा हटाने में प्रशासन का सहयोग किया। राहत एवं बचाव कार्य में आपदा प्रबंधन दल, पथरी अग्निशमन विभाग, मानवत लोक निर्माण विभाग, जिला स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा दल और परभणी नगर निगम की टीमों को लगाया गया।

32 लोग थे मंडप के नीचे मौजूद

जिला कलेक्टर संजय चव्हाण, उपमंडल अधिकारी संगीता चव्हाण और तहसीलदार पांडुरंग माछेवाड़ ने बताया कि हादसे के समय मंडप के नीचे कुल 32 लोग मौजूद थे। इनमें से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *