Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-10 में मदद के बहाने लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सड़क पर स्कूटी से गिरकर घायल हुए एक युवक की सहायता करने पहुंचे दो बदमाशों ने पहले उसे उठाया, फिर उसके साथ मारपीट कर सोने की चेन, तीन मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तालपुरी ब्लॉक-बी निवासी 31 वर्षीय सूर्यश सिंह कार वॉशिंग शॉप संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि 3 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह सिविक सेंटर से अपनी दुपहिया वाहन (CG-07 BW-8103) से घर लौट रहे थे। सेक्टर-10 स्थित सड़क नंबर-47 के पास उनकी स्कूटी फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।
इसी दौरान एक्टिवा पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पहले उन्होंने घायल सूर्यश सिंह की मदद करने का दिखावा किया, लेकिन कुछ ही देर बाद हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाश उनके पास रखे तीन मोबाइल फोन, एक स्मार्ट वॉच, सोने की चेन और करीब 1,500 रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने अपने भाई सम्राट सिंह और दोस्तों मंदीप सिंह व सिवान सतपति को सूचना दी। इसके बाद भिलाई नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 0364/26 के तहत एक्टिवा सवार दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
