Datia News: भाजपा समर्थकों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले; कई पुलिसकर्मी घायल

Datia News: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर विरोध खुलकर सामने आ गया। शुक्रवार शाम शुरू हुआ प्रदर्शन शनिवार तड़के उग्र हो गया और ग्वालियर-झांसी हाईवे पर करीब 15 से 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पथराव में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक वाहन पलट दिए जाने की भी सूचना है। शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई झड़प में एसपी, एसडीओपी समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। कुछ प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन ने एहतियातन दतिया स्थित भाजपा कार्यालय में मौजूद करीब 250 कार्यकर्ताओं को अंदर ही रोक दिया। वहीं बड़ौनकलां और डबरा के हरिपुर तिराहे सहित कई स्थानों पर चक्काजाम कर नारेबाजी की गई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

टिकट बदलने के विरोध में भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सरण सहित कई पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया। दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे और डॉ. नरोत्तम मिश्रा उनके अभिभावक हैं। उधर, जाम में फंसे यात्रियों ने घंटों तक परेशानी झेलने की बात कही। पुलिस ने ग्वालियर और झांसी की ओर जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट कर अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *