Sehore News: टैंकर हादसे के बाद सड़क पर फैला तेल, बड़ी संख्या में जुटे स्थानीय लोग

Sehore News: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के खामलिया रोड पर शनिवार को ऑयल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन टैंकर से तेल रिसकर सड़क पर फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और डिब्बे, बाल्टियां, बोतलें व पीपे लेकर बहते तेल को भरने की होड़ लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। महिलाएं, पुरुष और बच्चे बिना किसी सुरक्षा की परवाह किए पलटे हुए टैंकर के पास पहुंचकर सड़क पर बह रहे तेल को इकट्ठा करने लगे। इस दौरान किसी भी बड़े हादसे की आशंका बनी रही।

घटना के कारण खामलिया मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। साथ ही टैंकर को हटाने और आवागमन सामान्य करने की कार्रवाई शुरू की गई।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ज्वलनशील या रासायनिक पदार्थों से जुड़े हादसों के दौरान किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। ऐसे मामलों में सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *