Pulse Polio Campaign : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आगामी 28 जून 2026 को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस महाअभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन (OPV) की दो बूंद खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट स्थित रेडक्रॉस सभा कक्ष में अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुई।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने निर्देश दिए हैं कि चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, पंचायत भवनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पिछले वर्षों की तरह ही पोलियो बूथ स्थापित किए जाएं और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं।
अभियान से जुड़ी मुख्य बातें
-
1331 पोलियो बूथ होंगे स्थापित: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि पूरे जिले में कुल 1331 पोलियो बूथ बनाए जाएंगे।
-
मजबूत टीम मैनेजमेंट: हर बूथ पर चार टीकाकर्मियों की तैनाती होगी, जो दो अलग-अलग टीमों में बंटकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे।
-
3.45 लाख से अधिक का लक्ष्य: रायपुर जिले में इस बार 3 लाख 45 हजार 373 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
-
घर-घर पहुंचेगी टीम: जो बच्चे अभियान के पहले दिन (28 जून) किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर दवा पिलाएगी।
अभिभावकों से अपील: जिला स्वास्थ्य समिति रायपुर ने सभी माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा अवश्य पिलवाएं और उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती, सिविल सर्जन डॉ. भेनूज कुमार सिन्हा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. श्वेता सोनवानी सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी उपस्थित थे।
