Chhattisgarh Korba News : कोरबा। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्र सरकार से स्वीकृत 40 ई-बसों के संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इनमें 20 नौ मीटर लंबी बड़ी ई-बसें मुख्य मार्गों पर चलेंगी, जबकि 20 सात मीटर लंबी मिनी ई-बसें कॉलोनियों और संकरी सड़कों पर संचालित की जाएंगी। अगस्त के अंत तक सेवा शुरू होने की संभावना है।
नई ई-बस सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और आम नागरिकों को सुरक्षित, सस्ता और सुविधाजनक परिवहन मिलेगा। नगर निगम ने बसों के लिए रूट चार्ट तैयार कर लिया है, जिसमें स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बांकीमोंगरा, दीपका, बालको और हरदीबाजार जैसे प्रमुख क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। ई-मिनी बसें रविशंकर शुक्ल नगर, आरपी नगर, एमपी नगर और टीपी नगर जैसे भीतरी इलाकों तक आसानी से पहुंचेंगी।
ई-बसों के संचालन के लिए दर्री स्थित प्रतीक्षा बस स्टैंड में 1.54 करोड़ रुपये की लागत से चार्जिंग सब स्टेशन लगभग तैयार हो चुका है। बसों के रखरखाव के लिए वर्कशॉप और प्रशासनिक भवन का निर्माण भी अंतिम चरण में है। प्रत्येक ई-बस एक बार चार्ज होने पर लगभग 200 किलोमीटर तक चल सकेगी।
नगर निगम का मानना है कि नई ई-बस सेवा से डीजल की खपत और वायु प्रदूषण में कमी आएगी। साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी, यातायात का दबाव कम होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। ई-बसों के संचालन से पहले कोरोना काल से बंद पड़ी 48 पुरानी सिटी बसों की नीलामी की भी तैयारी की जा रही है।
