Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में अधोसंरचना विकास कार्य के चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। राजेंद्र पुल-दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशनों के बीच नए रेल पुल को दोहरीकरण परियोजना से जोड़ने और सिमरिया-बरौनी के बीच मुख्य लाइन कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। इसके कारण कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
रेलवे के अनुसार 22843 बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस 25 सितंबर और 2 अक्टूबर को बिलासपुर से रद्द रहेगी। वहीं 22844 बक्सर-बिलासपुर एक्सप्रेस 26 सितंबर और 3 अक्टूबर को बक्सर से रद्द रहेगी।
इसके अलावा 17007 चर्लपल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस 26 और 29 सितंबर को अपने निर्धारित मार्ग की बजाय किऊल–मुंगेर–बरौनी होकर संचालित होगी। वहीं 17008 दरभंगा-चर्लपल्ली एक्सप्रेस 25 सितंबर, 29 सितंबर और 2 अक्टूबर को मुंगेर–किऊल मार्ग से चलेगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का अपडेट जरूर जांच लें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
