Chhattisgarh Mahasamund News : महासमुंद। शहर के बरौंडा चौक पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। स्कूल से घर लौट रही एक छात्रा सड़क पार करते समय कंटेनर की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में छात्रा को सामान्य चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5:02 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा बरौंडा चौक से सड़क पार कर रही थी, तभी वह एक कंटेनर की चपेट में आ गई। मौके पर मौजूद आरक्षक फलेश वर्मा और विजय साहू ने तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से कंटेनर के नीचे फंसी छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते राहत मिलने से उसकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी वाहनों की शहर के भीतर आवाजाही को लेकर नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि नए शैक्षणिक सत्र के दौरान सुबह और शाम बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं स्कूल आते-जाते हैं, ऐसे में कंटेनर और ट्रकों की आवाजाही बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन रही है।
नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस और यातायात विभाग से सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री सख्ती से लागू करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बरौंडा चौक की यह घटना प्रशासन के लिए चेतावनी है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।
