Mahasamund News: महासमुंद में सफाई कर्मचारियों का विरोध, मिशन क्लीन सिटी प्रभारी पर धमकी और दुर्व्यवहार के आरोप

Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। नगरपालिका में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का काम करने वाली स्वच्छता दीदियों ने मिशन क्लीन सिटी प्रभारी नवशाद बक्श पर अभद्र व्यवहार, अतिरिक्त काम कराने और काम से निकालने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। अपनी मांगों को लेकर स्वच्छता दीदियां कलेक्टोरेट पहुंचीं और कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रभारी को हटाने की मांग की।

स्वच्छता दीदियों का आरोप है कि व्यक्तिगत या स्वास्थ्य संबंधी कारणों से छुट्टी मांगने पर उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया जाता है। काम के दौरान किसी समस्या की जानकारी देने पर उसका समाधान करने के बजाय उन्हें अपमानित किया जाता है और नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है।

महिलाओं का कहना है कि डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के अलावा उनसे अतिरिक्त काम भी कराया जाता है। आरोप है कि निर्धारित आठ घंटे की जगह 10 से 12 घंटे तक काम कराया जाता है। अतिरिक्त काम करने से मना करने पर एक दिन का वेतन काटने की बात कही जाती है।

स्वच्छता दीदियों ने साफ कहा है कि जब तक मिशन क्लीन सिटी प्रभारी को हटाया नहीं जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगी। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, नगरपालिका के सीएमओ ने स्वच्छता दीदियों के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि महिलाओं की मांगों को लेकर पहले ही बातचीत की जा चुकी है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मणिकंचन केंद्र में लगाए गए कैमरों को लेकर सीएमओ ने कहा कि ये स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए हैं और कैमरों से संबंधित लगाए जा रहे आरोप सही नहीं हैं।

फिलहाल स्वच्छता दीदियों ने ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग प्रशासन के सामने रख दी है। अब मामला प्रशासन के स्तर पर जांच और कार्रवाई का है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *