Raipur News : CG Teacher Transfer: 1600 नामों से शुरू हुई प्रक्रिया, 700 शिक्षकों के तबादले पर लगी मुहर

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के लंबे समय से प्रतीक्षित तबादले को लेकर शिक्षा विभाग ने आखिरकार आदेश जारी कर दिए हैं। विभाग ने प्रदेश के करीब 700 शिक्षकों का स्थानांतरण किया है। स्थानांतरण सूची को अंतिम रूप देने से पहले कई स्तरों पर आवेदनों और अनुशंसाओं का परीक्षण किया गया।

जानकारी के अनुसार, विभागीय स्तर पर तैयार की गई प्रारंभिक सूची में करीब 1,600 शिक्षकों के नाम शामिल थे। इसके बाद सूची की समीक्षा की गई और करीब 1,000 शिक्षकों की संशोधित सूची तैयार की गई। अंतिम परीक्षण में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाए गए करीब 400 नामों को सूची से हटा दिया गया। इसके बाद अंतिम रूप से स्वीकृत करीब 700 शिक्षकों के तबादला आदेश जारी किए गए हैं।

स्थानांतरण प्रक्रिया में शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की पढ़ाई और स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था को प्राथमिकता दी। युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षकों, एकल शिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ शिक्षकों और ऐसे शिक्षकों के प्रकरणों को अंतिम सूची में शामिल नहीं किया गया, जिनके स्थानांतरण से संबंधित स्कूल शिक्षकविहीन हो सकते थे।

इसके अलावा अधिसूचित क्षेत्र से गैर-अधिसूचित क्षेत्र में स्थानांतरण तथा अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में पदस्थ शिक्षकों के मामलों का भी परीक्षण किया गया। विभाग का तर्क रहा कि तबादले के कारण किसी स्कूल में शिक्षकों की कमी नहीं होनी चाहिए और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

वर्तमान तबादला प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग अब भविष्य में स्थानांतरण प्रक्रिया को ऑनलाइन और अधिक पारदर्शी बनाने पर भी विचार कर रहा है। इसके तहत शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन लेने की व्यवस्था लागू करने की तैयारी की जा सकती है।

ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने पर शिक्षक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे आवेदन की निगरानी, दस्तावेजों के डिजिटल प्रबंधन और प्रक्रिया के समयबद्ध निराकरण में मदद मिलने की उम्मीद है। विभाग अन्य राज्यों में लागू ऑनलाइन ट्रांसफर व्यवस्था का भी अध्ययन कर रहा है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *