Bilaspur News: जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आगे आया रोटरी ई-क्लब, कोटा क्षेत्र में चला जागरूकता अभियान

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। मलेरिया, डेंगू और जलजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड ने कोटा क्षेत्र में सेवा और जागरूकता अभियान चलाया। औरापानी आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद परिवारों को 1500 मच्छरदानियां और 500 क्लोरीन की बोतलें वितरित की गईं। इस दौरान ग्रामीणों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव और सुरक्षित पेयजल के इस्तेमाल को लेकर जरूरी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच एवं डायग्नोस्टिक कैंप भी लगाया गया। स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही लोगों को घर और आसपास साफ-सफाई रखने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा पीने के पानी को सुरक्षित रखने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में कोटा एसडीएम प्रवेश पैकरा और बिलासपुर सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल भी शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में बीपीएम श्वेता, मलेरिया नोडल अधिकारी वैष्णव और तहसीलदार राहुल साहू का भी सहयोग रहा।

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल, सचिव रोटेरियन रौनक साव गुप्ता और कोषाध्यक्ष रोटेरियन विमलेश अग्रवाल सहित कई सदस्य मौजूद रहे। रोटेरियन डॉ. सुनील केडिया, डॉ. मनोज राय, पीयूष गुप्ता, चरनजीत गंभीर, डॉ. सिद्धार्थ वर्मा, शैलेश अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, अविनाश अग्रवाल और नितेश अग्रवाल समेत अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि बीमारियों का इलाज जरूरी है, लेकिन उससे पहले बचाव और जागरूकता पर जोर देना अधिक महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के साथ उन्हें बीमारी से बचने के तरीके बताना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि रोटरी ई-क्लब आगे भी स्वास्थ्य, जागरूकता और सेवा से जुड़े कार्यों को जारी रखेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *