sakti news: सक्ती में कलेक्टर की अनूठी पहल, समाज कल्याण के लिए हर साल देंगे 10 हजार रुपये, एसपी समेत सैकड़ों ने जताया समर्थन

chatisgarh sakti news: सक्ती। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सक्ती में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आदिवासी समाज के कल्याण को लेकर बड़ी पहल की। उन्होंने मंच से घोषणा की कि वे हर साल अपनी तनख्वाह से 10 हजार रुपये समाज के कल्याण के लिए समिति को देंगे। कलेक्टर की घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर समेत सैकड़ों लोगों ने भी इस पहल का समर्थन किया।

कलेक्टर ने समाज के पदाधिकारियों और प्रमुख लोगों से कहा कि यदि समिति का गठन अब तक नहीं हुआ है तो जल्द उसका पंजीयन कराया जाए, ताकि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए व्यवस्थित तरीके से काम किया जा सके। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस इस पहल की शुरुआत के लिए शुभ अवसर है।

कलेक्टर के मुताबिक समिति में जमा होने वाली राशि का उपयोग समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों के उत्थान के लिए किया जाएगा। प्रयास रहेगा कि जिन्हें वास्तव में सहायता की जरूरत है, उन्हें समिति के माध्यम से मदद उपलब्ध कराई जा सके और वे आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम में अपनी बात रखते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि वे भी आदिवासी परिवार से आते हैं। उन्होंने कहा कि आज वे सक्षम स्थिति में हैं और सरकारी पद पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं, इसलिए समाज के लिए अपनी ओर से योगदान देने का निर्णय लिया है।

कलेक्टर की घोषणा के बाद एसपी प्रफुल्ल ठाकुर समेत कार्यक्रम में मौजूद सैकड़ों लोगों ने पहल के प्रति अपना समर्थन जताया। कलेक्टर ने समाज के अन्य सक्षम लोगों से भी अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि सक्षम लोग मिलकर सहयोग करें तो इस राशि का उपयोग समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।

विश्व आदिवासी दिवस के मंच से की गई कलेक्टर की यह घोषणा कार्यक्रम में चर्चा का प्रमुख विषय रही और समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *