Chhattisgarh Khairagarh News: खैरागढ़। डोंगरगढ़-खैरागढ़ के जंगलों में एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। खैरागढ़ वन मंडल के ग्राम करेला-भंडारपुर स्थित मां भवानी मंदिर के पास तेंदुआ दिखाई देने की खबर सामने आई है। राहगीरों और मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने तेंदुए को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
बताया जा रहा है कि तेंदुआ मंदिर के आसपास से जंगल की ओर जाता हुआ दिखाई दिया। मां भवानी मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है, ऐसे में मंदिर के पास तेंदुआ दिखने की खबर से लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में पहले भी कई बार तेंदुए की मौजूदगी देखी जा चुकी है।
ढारा डैम, मां भवानी मंदिर और भंडारपुर के जंगलों में लंबे समय से तेंदुए की आवाजाही की चर्चाएं सामने आती रही हैं। कुछ समय पहले डोंगरगढ़ के सुदर्शन गिरी पहाड़ से पकड़े गए एक तेंदुए को इसी वन क्षेत्र के जंगल में छोड़े जाने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, करेला-भंडारपुर में दिखाई दिए तेंदुए को उसी तेंदुए से जोड़ने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग की निगरानी और तेंदुए की पहचान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
खैरागढ़ वन मंडल के डीएफओ पंकज राजपूत ने तेंदुआ दिखाई देने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है। इलाके में सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की निगरानी की जा रही है, ताकि तेंदुए के कारण किसी व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल और मंदिर के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। तेंदुआ दिखाई देने की स्थिति में उसके करीब जाने या उसे परेशान करने से बचें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। फिलहाल करेला-भंडारपुर और आसपास के इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर हलचल बढ़ी हुई है। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है, ताकि इंसान और वन्यजीव दोनों सुरक्षित रहें।
