Raipur News : नक्सल विरोधी अभियान में छत्तीसगढ़ पुलिस का परचम, तत्कालीन बस्तर IG पी सुंदरराज समेत 141 जवानों को वीरता पदक

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से घोषित पुलिस एवं सुरक्षा सेवाओं के पदकों में छत्तीसगढ़ पुलिस का शानदार प्रदर्शन सामने आया है। छत्तीसगढ़ पुलिस के तत्कालीन बस्तर आईजी आईपीएस पी. सुंदरराज समेत 141 जवानों और अधिकारियों को वीरता पदक के लिए चुना गया है। माना जा रहा है कि नक्सल विरोधी अभियानों में जवानों की भूमिका और सफलता को देखते हुए उन्हें यह सम्मान मिला है।

वीरता पदक पाने वालों में तत्कालीन बस्तर आईजी आईपीएस पी. सुंदरराज के अलावा एसएसपी आईपीएस इंदिरा कल्याण एलेसेला, आईपीएस संदीप पटेल, आईपीएस स्मृतिक राजनाला और आईपीएस राबिन्सन गुरिया समेत 141 पुलिसकर्मी शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस उप महानिरीक्षक मोतीलाल कोटवानी को राष्ट्रपति वीरता पदक (PSM) प्रदान किया गया है।

छत्तीसगढ़ के 10 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहनीय एवं विशिष्ट सेवा पदक भी दिया गया है। सम्मानित लोगों में गायत्री सिंह (कमांडेंट), ओम प्रकाश शर्मा (कमांडेंट), दीपमाला कश्यप (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक), डॉ. अर्चना झा (अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त), रमा पटेल (डिप्टी कमांडेंट), पिनाकी (निरीक्षक), सविता सिंह परिहार (उप पुलिस अधीक्षक), ब्रजेश कुमार तिवारी (सहायक कमांडेंट), राकेश कुमार सिंह (कंपनी कमांडर) और नेहरू लाल (प्लाटून कमांडर) के नाम शामिल हैं।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष कुल 301 वीरता पदक प्रदान किए गए हैं। इनमें 197 पदक वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जवानों को, 51 जम्मू-कश्मीर में तैनात जवानों को, 12 पूर्वोत्तर क्षेत्र के जवानों को और 41 अन्य क्षेत्रों में तैनात कर्मियों को दिए गए हैं। इन पदकों में 272 पुलिस सेवा और 29 अग्निशमन सेवा के जवान शामिल हैं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस, अग्निशमन सेवा, होम गार्ड एवं नागरिक सुरक्षा तथा सुधार सेवाओं के कुल 1,057 जवानों और अधिकारियों को वीरता एवं सेवा पदकों के लिए चुना गया है। इनमें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक (PSM) भी शामिल हैं, जो असाधारण सेवा रिकॉर्ड के लिए प्रदान किए जाते हैं।

विशिष्ट सेवा के राष्ट्रपति पदकों में 83 पुलिसकर्मियों, चार अग्निशमन सेवा कर्मियों, तीन नागरिक सुरक्षा एवं होम गार्ड कर्मियों और दो सुधार सेवा कर्मियों को सम्मानित किया गया है। वहीं सराहनीय सेवा के लिए कुल 664 पदक प्रदान किए गए हैं। इनमें पुलिस सेवा को 606, अग्निशमन सेवा को 28, नागरिक सुरक्षा एवं होम गार्ड को 18 और सुधार सेवाओं को 12 पदक मिले हैं।

छत्तीसगढ़ पुलिस के 141 जवानों को मिले वीरता पदक को राज्य में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की बड़ी मान्यता के तौर पर देखा जा रहा है। यह सम्मान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर भी रेखांकित करता है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *