CG Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का कहर, कांकेर में आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत

Chhattisgarh Weather Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री अब महज 2 से 3 दिन दूर मानी जा रही है। मानसून के आगमन से पहले ही प्रदेश का मौसम पूरी तरह बदल गया है। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच शुक्रवार सुबह कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में मनरेगा कार्य के दौरान पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में उप सरपंच समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य ग्रामीण घायल हो गए। घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।

पूरे प्रदेश में मौसम का बदला मिजाज

गुरुवार शाम राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। रायपुर में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जबकि सरगुजा और कोरबा जिले में जमकर बारिश दर्ज की गई। बारिश और बादलों की सक्रियता के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि अधिकांश जिलों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश के चलते तापमान में कमी देखने को मिली है।

दो मौसमी सिस्टम सक्रिय, मानसून के लिए अनुकूल हालात

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और उत्तर भारत में बने विभिन्न चक्रवाती परिसंचरण तंत्र तथा सक्रिय द्रोणिका (ट्रफ) के प्रभाव से प्रदेश में लगातार नमी बढ़ रही है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। यदि वर्तमान स्थिति बनी रही तो अगले 2 से 3 दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है।

आज भी अंधड़ और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी पूरे प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

रायपुर में बादल छाए रहने के आसार

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो सकती हैं तथा मानसून के प्रवेश के साथ बारिश का दायरा और बढ़ेगा। इससे किसानों सहित आम लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *