BRICS Summit 2026: “ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत…”, मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम ने गाया किशोर कुमार का मशहूर गाना, देखें वीडियो

BRICS Summit 2026: नई दिल्ली: 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत पहुंचे मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में अनवर इब्राहिम बॉलीवुड के सदाबहार गायक किशोर कुमार का मशहूर गाना ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गाते नजर आ रहे हैं। उनके इस अंदाज ने भारत दौरे में कूटनीति के साथ भारतीय सिनेमा और संगीत का रंग भी जोड़ दिया।

किशोर कुमार के गाने से चौंकाया

अनवर इब्राहिम ने दिल्ली के एक होटल में रुकने के दौरान यह गाना गाया। यह गीत साल 1965 में रिलीज हुई फिल्म ‘तीन देवियां’ का है। इसे किशोर कुमार ने अपनी आवाज दी थी, जबकि संगीत एस.डी. बर्मन का था और गीत मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखा था।

मलेशियाई प्रधानमंत्री का हिंदी सिनेमा और भारतीय लोकप्रिय संस्कृति के प्रति लगाव पहले भी सामने आ चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी पिछली कूटनीतिक बातचीत के दौरान भी उन्होंने भारतीय फिल्मों और संगीत से जुड़ा एक वीडियो मोंटाज साझा किया था, जिसमें फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ के लोकप्रिय गीत ‘बोले चूड़ियां’ का इस्तेमाल किया गया था।

भारत की सभ्यतागत विरासत की तारीफ

भारत दौरे के दौरान अनवर इब्राहिम ने देश की समृद्ध सभ्यतागत विरासत और इतिहास की भी प्रशंसा की। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच भू-राजनीतिक मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान की उम्मीद भी जताई। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह अनवर इब्राहिम की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। दोनों देशों के बीच संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने के साथ डिजिटल टेक्नोलॉजी और पर्यटन सहयोग समेत कई क्षेत्रों में समझौतों पर भी काम हुआ है।

PM मोदी की लोकप्रियता का भी किया जिक्र

BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के लिए शुभकामनाएं भेजने वाले कई संदेश मिले हैं।

मलेशिया BRICS के पार्टनर देश के तौर पर शिखर सम्मेलन में शामिल हुआ है। सम्मेलन में वैश्विक शासन, सतत विकास, व्यापार, निवेश और डिजिटल बदलाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है। ऐसे में अनवर इब्राहिम का बॉलीवुड गीत गाना भारत-मलेशिया के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव की एक दिलचस्प झलक के तौर पर सामने आया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *