Raipur News: मोदी के जन्मदिन पर सेवा अभियान को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर नेताम का जवाब, कहा- प्रधानमंत्री पद की गरिमा समझे कांग्रेस

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन कार्यक्रम के सरकारीकरण को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम ही कुछ न कुछ राग अलापना है। कांग्रेस को प्रधानमंत्री पद की गरिमा समझनी चाहिए। नेताम ने कहा कि नरेंद्र मोदी विशेष पद पर रहते हुए पिछले 25 वर्षों से देश और प्रदेश की सेवा कर रहे हैं।

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा देशभर में सेवा संकल्प अभियान चला रही है। इसके जरिए आम लोगों तक पहुंचने के साथ उन्हें भी अभियान से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सभी का सहयोग लिया जा रहा है और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

15 सितंबर से अंबिकापुर में होने वाले कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को लेकर भी मंत्री नेताम ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम करती रहती है, लेकिन वह किस बात का प्रशिक्षण करती है, यह लगातार सामने आता रहता है। नेताम ने कांग्रेस में गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर जूतमपैजार की स्थिति बनी हुई है।

नेताम ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को नीचे धकेल दिया है और इससे उबरना पार्टी के लिए बेहद मुश्किल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे अभियानों के जरिए अपने जनाधार को बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन इसमें वह सफल नहीं होगी।

कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी रामविचार नेताम ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में इससे पहले भी कई सुरमावीर आते रहे हैं और उनका क्या हुआ, यह सभी ने देखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किसी के आने से कुछ नहीं होने वाला है।

भाजपा की ओर से कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए जारी किए गए रैप वीडियो को लेकर भी मंत्री नेताम ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया गया और पिछली सरकार की योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गईं। नेताम ने कहा कि भाजपा इन्हीं मुद्दों को जनता के सामने रखने का काम कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *