Raipur News: DJ संचालक सावधान! तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारी, 2 संचालकों पर पुलिस ने की कार्रवाई

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान तेज आवाज में डीजे और धुमाल बजाने वालों के खिलाफ रायपुर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। निर्धारित नियमों और निर्देशों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने दो डीजे संचालकों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम की धारा 4, 5 और 15 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि तेज आवाज में डीजे बजाने और सार्वजनिक स्थान पर हुज्जतबाजी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र रायपुर तारकेश्वर पटेल ने मध्य क्षेत्र के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को डीजे एवं धुमाल संचालकों की बैठक लेकर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसी कड़ी में 13 सितंबर को थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस ने डीजे संचालकों की जांच की। जनता कॉलोनी, राजेंद्र नगर और जोगी बंगला सिविल लाइन के पास डीजे संचालन के दौरान निर्धारित नियमों और निर्देशों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद पुलिस ने राजेंद्र साहू और रूपेश पासी के खिलाफ कोलाहल अधिनियम की धारा 4, 5 और 15 के तहत कार्रवाई की।

रायपुर पुलिस ने त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान सभी आयोजकों और डीजे संचालकों से निर्धारित अनुमति, समय-सीमा और ध्वनि मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि जुलूस या कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाना, सार्वजनिक स्थान पर हुज्जतबाजी करना और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *