Bhilai News: रायपुर में नाबालिग के अपहरण और लूट का आरोप, भिलाई ले जाकर 10-11 युवकों ने की मारपीट

Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। दुर्ग जिले से रायपुर आए कुछ युवकों पर 17 वर्षीय नाबालिग का कथित अपहरण कर उसे कार में बैठाकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाने, मारपीट और लूट करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, नाबालिग को 10 सितंबर 2026 को दलदल सिवनी रोड, मोवा से एक कार में बैठाया गया था। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और रास्ते में ब्रेसलेट, गले की चेन, अंगूठी, दो मोबाइल फोन और 40 हजार रुपये नगद छीन लिए गए। बाद में उसे भिलाई ले जाकर करीब 10-11 युवकों ने घेरकर पीटा। मेडिकल जांच में उसके जबड़े में तीन जगह फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए रायपुर डेंटल कॉलेज रेफर किया गया।

पीड़ित पक्ष के मुताबिक, अरमान सिद्दीकी, रोशन सोनी, मुदित मिश्रा और शिव सोनी ने नाबालिग को दलदल सिवनी रोड, मोवा से वरना कार में बैठाया था। आरोप है कि कार में बैठाने के बाद ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। इसके बाद उसे माना ले जाया गया, जहां भी उसके साथ मारपीट किए जाने का दावा किया गया है।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि नाबालिग को भिलाई ले जाते समय कुम्हारी टोल प्लाजा के पास कार में ही उसके ब्रेसलेट, गले की चेन, अंगूठी, दो मोबाइल फोन और 40 हजार रुपये नगद छीन लिए गए। बताया गया है कि 40 हजार रुपये उसके दोस्त के थे, जो उससे रकम लेने आने वाला था। आरोप है कि दोस्त के पहुंचने से पहले ही रकम छीन ली गई। घायल के मोबाइल फोन से सिम कार्ड निकालने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, नाबालिग को भिलाई के एक मैदान में ले जाने के बाद पांच-छह अन्य युवक भी वहां पहुंचे। इसके बाद करीब 10-11 युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उस पर बेसबॉल बैट से भी हमला किया गया। घटना में रोशन सोनी के ज्वेलरी व्यवसाय से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि आरोपी भिलाई से रायपुर आए और कथित वारदात के बाद घायल नाबालिग को वापस भिलाई ले गए।

पीड़ित ने भिलाई ले जाते समय एक खाकी वर्दी पहने व्यक्ति से आरोपियों की मुलाकात होने का भी दावा किया है। पीड़ित के अनुसार, उस व्यक्ति ने ऊपर जैकेट पहनी हुई थी। आरोप है कि उसने पहले घायल को कपड़े दिलाने और फिर थाने जाकर उसके खिलाफ शिकायत कर उसे थाने में बैठवाने की सलाह दी। पीड़ित का दावा है कि उसने कार में बैठे-बैठे यह बातचीत सुनी। इसके बाद आरोपियों के कथित रूप से जामुल थाना पहुंचने और खुद को पीड़ित बताने का प्रयास करने की बात कही गई है।

जामुल थाना प्रभारी राकेश कुटेश्वर ने मामले की जानकारी लेने के बाद आरोपियों से पूछताछ की और पीड़ित की ओर से अपराध दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोशन सोनी और अरमान सिद्दीकी से पूछताछ के दौरान उनके बयानों में विरोधाभास मिला। बताया गया है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने तीन बार अपने बयान बदले। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ किडनैपिंग और लूट जैसी धाराओं में अपराध दर्ज किया।

दुर्ग एसपी विजय अग्रवाल के निर्देशन में मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मोवा से कथित रूप से नाबालिग को कार में बैठाकर ले जाने से लेकर माना, कुम्हारी टोल प्लाजा और भिलाई तक की गतिविधियों की जांच कर रही है। इसके लिए कार की आवाजाही, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और कथित रूप से लूटे गए सामान से जुड़े तथ्यों की छानबीन की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *