Jagdalpur News: PM मोदी के जन्मदिन पर दीया जलाने के आयोजन को लेकर विवाद, कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प

Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर जगदलपुर में आयोजित ‘आशीर्वाद समारोह’ के तहत दीया जलाने के आयोजन को लेकर विवाद हो गया। दंतेश्वरी मंदिर से लेकर मिताली चौक तक दीये जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आयोजन को लेकर विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि आयोजन के लिए की गई बैरिकेडिंग के कारण सड़क के किनारे स्थित छोटी-बड़ी दुकानें बंद हो गई हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर विरोध जताया।

विरोध की जानकारी मिलने के बाद भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ महापौर संजय पांडे भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई और देखते ही देखते विवाद झड़प में बदल गया। मौके पर दोनों पक्षों के बीच खींचतान की स्थिति बनी और जूते-चप्पल चलने की बात भी सामने आई। घटनास्थल पर जूते-चप्पल और चश्मे बिखरे नजर आए।

विवाद बढ़ने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और दोनों पक्षों को अलग-अलग किया गया। इसके बावजूद मौके पर कुछ समय तक नारेबाजी होती रही और कांग्रेस तथा भाजपा कार्यकर्ता एक-दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए।

इसी दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा के साथ भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बहस होने की जानकारी सामने आई है। आयोजन को लेकर शुरू हुआ विरोध अब राजनीतिक विवाद में बदल गया है। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में मौके की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *