Dhamtari News: एक ही दिन में 3 लोगों ने दी जान, किसी ने फांसी लगाई तो किसी ने जहर पीकर की आत्महत्या

Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले में एक ही दिन में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। अर्जुनी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पी लिया, जबकि कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं दरगहन में खेत में दवाई छिड़काव करने गए एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम अमेठी की है। यहां धनेश्वर विश्वकर्मा ने गांव के श्मशान घाट में शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पी लिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद परिजन उसे तत्काल धमतरी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के लालबगीचा वार्ड की है। यहां बबला सेन नामक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

तीसरी घटना दरगहन की है। यहां निवासी केशव सोरी खेत में दवाई छिड़काव करने गया था। इसी दौरान वह बोरिंग के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में भी मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया है।

बताया जा रहा है कि धमतरी जिले में आत्महत्या के मामले चिंता का विषय बने हुए हैं। जिला अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार पिछले 3 साल 8 महीनों में करीब 1265 पोस्टमार्टम किए गए हैं, जिनमें लगभग आधे मामले आत्महत्या से जुड़े बताए जा रहे हैं। इनमें 500 से अधिक आत्महत्या के मामले सामने आए हैं और युवाओं की संख्या भी उल्लेखनीय बताई जा रही है। ये आंकड़े जिला अस्पताल से जुड़े हैं, जबकि पूरे जिले के आंकड़े इससे अलग हो सकते हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *