Raipur News: 100 वीक नशा मुक्त युवा अभियान के तहत राष्ट्रीय संकल्प समारोह, यूथ प्लेज और सिग्नेचर कैंपेन शुरू

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना और गुरुकुल महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा- विकसित भारत’ की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से 100 वीक नशा मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय संकल्प समारोह, यूथ प्लेज एवं सिग्नेचर कैंपेन का शुभारंभ किया गया।

यह अभियान सितंबर से दिसंबर तक 12 सप्ताह यानी लगभग तीन माह तक विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान में ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव’, ‘फिट युवा- नशा मुक्ति की ओर’ और ‘जीवन कौशल’ जैसे विषयों को शामिल किया गया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. वर्णिका शर्मा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से बचाने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज की सामूहिक भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, स्वस्थ आदतों और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि स्नेहल साहू, असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस रायपुर ने युवाओं को नशे के सामाजिक और व्यक्तिगत दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। उन्होंने कानून, जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

यातायात प्रशिक्षक टी.के. भोई ने यातायात सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा युवाओं के सुरक्षित एवं जिम्मेदार भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। उन्होंने युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में आयोजित ‘युवा संवाद’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। राष्ट्रीय सेवा योजना Achievement Awardee एवं यूथ आइकॉन राकेश कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। यूथ आइकॉन प्रगति शर्मा ने भी युवाओं से संवाद करते हुए आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के महत्व पर विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने नशामुक्त जीवन का संकल्प लिया तथा यूथ प्लेज और सिग्नेचर कैंपेन में सहभागिता की। अभियान का उद्देश्य युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करने के साथ उन्हें स्वस्थ, सक्षम, जिम्मेदार और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय नागरिक के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन डॉ. रात्रि लहरी, राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, NSS स्वयंसेवक, विद्यार्थी और संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त समाज और स्वस्थ भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *