Raipur Crime News: रायपुर पुलिस ने नष्ट किया करोड़ों का नशे का सामान, गांजा-डोडा-हशीश-अफीम समेत हजारों टैबलेट का डिस्पोजल

Raipur Crime News: रायपुर। रायपुर पुलिस ने एनडीपीएस के अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए करीब 2.15 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के नशीले पदार्थों को विधिवत नष्ट किया है। पुलिस ने नॉर्थ, सेंट्रल और वेस्ट जोन के कुल 77 एनडीपीएस मामलों में जब्त गांजा, हशीश, डोडा, अफीम और नशीली गोलियों समेत अन्य मादक पदार्थों को इंडस्ट्रियल फर्नेस में जलाकर नष्ट किया।

पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई में कुल 438.764 किलो गांजा नष्ट किया गया। इसके अलावा 7.795 किलो डोडा, 1.015 किलो हशीश और 900 ग्राम अफीम का भी फर्नेस के जरिए नष्टीकरण किया गया। वहीं 25,773 नशीली टेबलेट और 875 कैप्सूल समेत सिरप और खांसी की दवाओं को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत डिस्पोज किया गया।

77 एनडीपीएस मामलों की जब्त सामग्री का नष्टीकरण

पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया कराई। निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जब्त मादक पदार्थों को इंडस्ट्रियल फर्नेस में डालकर नष्ट किया गया।

सेंट्रल जोन के 37 मामलों की सामग्री नष्ट

सेंट्रल जोन के 37 एनडीपीएस मामलों में जब्त 143.895 किलो गांजा, 2,349 नशीली टेबलेट, 9 सिरप और 228 कैप्सूल का नष्टीकरण किया गया।

नॉर्थ जोन में हशीश और अफीम भी नष्ट

नॉर्थ जोन के 19 प्रकरणों में 86.950 किलो गांजा, 1.015 किलो हशीश, 19,794 नशीली टेबलेट, 294 नग खांसी की दवा, 900 ग्राम अफीम और 647 कैप्सूल का विधिवत डिस्पोजल किया गया।

वेस्ट जोन में 207 किलो से ज्यादा गांजा नष्ट

वेस्ट जोन के 21 मामलों में जब्त 207.919 किलो गांजा, 7.795 किलो डोडा और 3,630 नशीली टेबलेट को नष्ट किया गया। इस तरह तीनों जोन के कुल 77 मामलों में जब्त नशीली सामग्री का निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्टीकरण किया गया।

पुलिस के मुताबिक नशे की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत नष्ट करने की कार्रवाई भी लगातार जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *