Mahasamund News: ओडिशा से MP जा रहा था लाखों का गांजा, पुलिस को देख तस्करों ने कार में लगाई आग

Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर मध्य प्रदेश के शहडोल जा रहे थे। नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर आरोपियों ने कार वापस मोड़ दी और पीछा किए जाने पर वाहन रोककर उसमें रखी गांजे की बोरियों में आग लगा दी। इस दौरान एक आरोपी जंगल की ओर भागने में सफल रहा।

पुलिस के मुताबिक, अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी की सूचना पर बसना पुलिस और ANTF की टीम ने नाकेबंदी की थी। इसी दौरान काले रंग की वैगनआर कार को पुलिस ने देखा। कार सवारों ने पुलिस को देखकर वाहन मोड़ दिया और विपरीत दिशा में तेज रफ्तार से भागने लगे। टीम ने पीछा किया तो ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर जाने वाले मार्ग पर आरोपियों ने कार रोक दी। इसके बाद पुलिस से बचने और कथित तौर पर सबूत मिटाने के लिए कार में रखी गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी।

पुलिस और ANTF की टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने कार का सामने का शीशा तोड़कर आग बुझाई। इसके बाद कार की डिक्की की तलाशी लेने पर तीन अधजली प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं। इनमें कुल 28.465 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत पुलिस ने करीब 14 लाख 23 हजार 250 रुपये आंकी है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा खरीदा था और अपने साथी शिवा सिंह के साथ इसे मध्य प्रदेश के शहडोल ले जा रहे थे। आरोपियों के अनुसार, रास्ते में पुलिस की नाकाबंदी देखकर पकड़े जाने के डर से उन्होंने कार वापस मोड़ी और गांजे समेत वाहन में आग लगाकर सबूत मिटाने की कोशिश की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुलभ सिंह परिहार (29), निवासी छोटी घोरहटी, थाना नागौद, जिला सतना और सागर कुशवाहा (25), निवासी कोनी टोला, थाना नागौद, जिला सतना के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपी की पहचान शिवा सिंह, निवासी शहडोल, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *