Bhilai News: खड़ी गाड़ी से 36 भरे इंडेन सिलेंडर चोरी, 2-2 हजार रुपये में बेच दिए, पुलिस ने 8 आरोपियों को पकड़ा

Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। साक्षरता चौक कैंप-01 के पास सर्विस रोड पर खड़ी महिंद्रा मैक्सेमो प्लस से 36 भरे इंडेन सिलेंडर चोरी होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन दिन में पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने चोरी किए गए सिलेंडरों में से 20 को 2-2 हजार रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिया था। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच करते हुए मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद किया है।

दरअसल, 18 सितंबर को साक्षरता चौक कैंप-01 के पास सर्विस रोड पर खड़ी महिंद्रा मैक्सेमो प्लस से 36 भरे इंडेन सिलेंडर चोरी हो गए थे। इसके बाद 19 सितंबर को घनश्याम कुर्रे ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने प्रमोद देवांगन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने वारदात में शामिल होने की जानकारी दी और बताया कि चोरी किए गए 16 सिलेंडर जामुल स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे छोड़ दिए गए थे, जबकि 20 सिलेंडर 2 हजार रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिए गए थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दबिश देकर 20 सिलेंडर बरामद किए। इसके अलावा बैकुंठ धाम दशहरा मैदान के पास से चोरी में इस्तेमाल वाहन और 5 सिलेंडर भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है।

मामले में पुलिस ने प्रमोद देवांगन, सुरेंद्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *