Raipur News: डीजे की तेज आवाज से परेशान लोगों ने उठाई आवाज, सदर बाजार से गणेश विसर्जन झांकी नहीं निकालने की मांग

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। गणेश विसर्जन झांकी के दौरान डीजे और धुमाल की तेज आवाज को लेकर सदर बाजार क्षेत्र में विरोध के स्वर सामने आए हैं। इलाके में जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें सदर बाजार से गणेश विसर्जन झांकी नहीं निकालने की मांग की गई है। सराफा बाजार क्षेत्र के लोगों की ओर से सदर रोड सर्राफा संघ ने इस मुद्दे को उठाते हुए पुलिस को ज्ञापन भी सौंपा है।

सर्राफा संघ ने सिटी कोतवाली चौक से कंकाली अस्पताल तक तेज आवाज वाले यंत्रों को बंद रखने की मांग की है। संघ की ओर से क्षेत्र की संकरी सड़क और झांकी के दौरान होने वाली भीड़ को लेकर परेशानी की बात कही गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती आबादी के बीच सदर बाजार का रास्ता काफी संकरा हो गया है, जिससे झांकी के दौरान जाम और आवाजाही की समस्या पैदा होती है।

सर्राफा व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष हरेक मालु ने कहा कि इस बार सदर रोड से झांकी नहीं निकाली जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहले मकान गिरने जैसी घटना भी सामने आ चुकी है। इसके अलावा बुजुर्गों, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को तेज आवाज और भीड़ के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है।

हरेक मालु के मुताबिक, झांकी को सदर बाजार से निकालने के बजाय बूढ़ा तालाब और मालवीय रोड के रास्ते से ले जाने का विकल्प अपनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि झांकी समितियों के स्वागत के लिए पंडाल लगाने हैं तो वैकल्पिक मार्ग पर भी पंडाल लगाए जा सकते हैं। संघ की ओर से इस संबंध में कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपने के साथ स्थानीय थाना प्रभारी से भी व्यवस्था बनाने का अनुरोध किया गया है।

बताया गया है कि इस बार गणेश विसर्जन झांकी के रूट को लेकर पुलिस-प्रशासन की गणेश उत्सव समितियों और विभिन्न संघों के साथ बैठक होनी है। सदर बाजार सर्राफा संघ की ओर से लगाए गए पोस्टरों और दिए गए ज्ञापन को बैठक से पहले क्षेत्र की मांग पुलिस-प्रशासन तक पहुंचाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। अब बैठक में झांकी के रूट को लेकर क्या सहमति बनती है, यह चर्चा के बाद स्पष्ट होगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *