Surajpur News: सरपंच बदले, शासन बदला, लेकिन नहीं बदली सड़क की सूरत, कर्मचारी और ग्रामीण परेशान

Surajpur News: प्रतापपुर। जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरमा स्थित उद्यान नर्सरी की सड़क लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो बारिश के बाद तालाबनुमा नजर आते हैं। इससे नर्सरी में आने-जाने वाले कर्मचारियों के साथ ग्रामीणों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण कई बार लोग हादसे का शिकार भी हो चुके हैं।

खोरमा नर्सरी के साथ साथ हाउसिंग बोर्ड के रिहाइशी मकान पत्रकार भवन भी स्थित हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों और कर्मचारियों का कहना है कि सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, लेकिन सड़क के गड्ढों की मरम्मत के लिए अब तक ठोस पहल नहीं दिखाई दे रही है।

मुरुम डालकर गड्ढे भरने की मांग

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। बड़े गड्ढों के कारण कभी भी गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि फिलहाल सड़क का निर्माण संभव नहीं हो तो कम से कम गड्ढों में मुरुम डालकर समतलीकरण कराया जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके।

जिम्मेदारों से पहल की उम्मीद

ग्रामीणों और कर्मचारियों ने संबंधित पंचायत एवं विभागीय जिम्मेदारों से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर तत्काल आवश्यक सुधार कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन और पंचायत स्तर पर बदलाव होते रहे, लेकिन खोरमा नर्सरी तक पहुंचने वाली सड़क की बदहाली अब भी जस की तस बनी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *