Bilaspur News: अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चे बहे, SDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन; गोताखोरों के देर से पहुंचने पर नाराजगी

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। दयालबंद के मधुबन इलाके में अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चों के बह जाने से हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कराई। इसके बाद SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो नदी में दोनों बच्चों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश मोहल्ले के पास अरपा नदी में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों नदी के ऐसे हिस्से में चले गए, जहां पानी गहरा था और गड्ढा होने की जानकारी सामने आई है। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी के बहाव में बह गए।

आसपास मौजूद लोगों ने दोनों बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में वे पानी में लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और मोहल्लेवासी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और तलाश शुरू कराई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने बच्चों की तलाश में तेजी लाने की मांग की। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के काफी देर बाद तक गोताखोर नहीं पहुंच पाए, जिससे परिजनों और मोहल्लेवासियों में नाराजगी रही। बताया गया कि करीब सवा घंटे बाद भी गोताखोरों के नहीं पहुंचने को लेकर लोगों में आक्रोश देखने को मिला।

फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम दोनों बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। नदी के संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *