Baloda Bazar News: गणेश विसर्जन झांकी के दौरान कथित लाठीचार्ज पर बवाल, नेशनल हाईवे 130 पर चक्काजाम

Chhattisgarh Baloda Bazar News: बलौदा बाजार। सिमगा में शनिवार रात गणेश विसर्जन के दौरान निकाली गई झांकी पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में रविवार सुबह से विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। कांग्रेस, भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने घटना के विरोध में नेशनल हाईवे 130 पर चक्काजाम कर दिया है। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है।

घटना के विरोध में सिमगा बंद का भी आह्वान किया गया है। इसके समर्थन में नगर के अधिकांश दुकानदारों ने सुबह से अपनी दुकानें बंद रखी हैं। जय स्तंभ चौक पर चल रहे धरने में कांग्रेस, भाजपा सहित अन्य दलों के जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए हैं।

प्रदर्शनकारी घटना के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में भाटापारा एसडीओपी, सिमगा थाना प्रभारी और घटना में शामिल पुलिसकर्मियों का निलंबन शामिल है।

धरने में शामिल जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जब तक संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल सिमगा में विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *