Raipur News: छत्तीसगढ़ के मीटर रीडरों को झटका, मानदेय 8 से घटाकर 7 रुपये प्रति कनेक्शन किया गया

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बीच रोजगार को लेकर चिंतित मीटर रीडरों के मानदेय में बिजली कंपनी प्रबंधन ने एक और कटौती की है। प्रति उपभोक्ता मीटर रीडिंग और बिलिंग के लिए मिलने वाली राशि को आठ रुपये से घटाकर सात रुपये कर दिया गया है। मीटर रीडरों के मुताबिक यह कटौती मौजूदा एग्रीमेंट की अवधि समाप्त होने के करीब एक माह पहले की गई है।

मीटर रीडरों का कहना है कि पिछले वर्ष भी उनके मानदेय में एक रुपये की कटौती की गई थी। अब दोबारा एक रुपये की कमी किए जाने से उनके सामने आर्थिक परेशानी बढ़ गई है। उनका दावा है कि पहले प्रति उपभोक्ता नौ रुपये भुगतान का एग्रीमेंट था, जिसे बाद में घटाकर आठ रुपये किया गया और अब सात रुपये कर दिया गया है।

इसके अलावा समाधान योजना के तहत उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए मीटर रीडरों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं होने को लेकर भी नाराजगी है। मीटर रीडरों के अनुसार करीब पांच महीने तक इस राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इसे लेकर भी वे बिजली कंपनी प्रबंधन से नाराज हैं।

मीटर रीडरों ने मानदेय कटौती समेत अन्य मांगों को लेकर बिजली कंपनी के डंगनिया स्थित मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है। मीटर रीडर श्रमिक संघ ने प्रबंधन के फैसले के विरोध में 29 सितंबर को धरना देने की चेतावनी दी है। संघ की ओर से आंदोलन की सूचना बिजली कंपनी प्रबंधन को भी दी गई है। वहीं, स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद भविष्य में रोजगार पर पड़ने वाले असर को लेकर भी मीटर रीडरों की चिंता बनी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *