Janjgir-Champa News: शुष्क दिवस से पहले अकलतरा पुलिस का एक्शन, 184 लीटर अवैध शराब जब्त; आरोपी जेल भेजा

Janjgir-Champa Latest News: जांजगीर-चांपा: 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस से पहले अवैध शराब की बिक्री की तैयारी कर रहे एक आरोपी को अकलतरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर में बने तहखाने और गुप्त कमरों से अलग-अलग ब्रांड की कुल 184 लीटर शराब बरामद की है। जब्त शराब की कीमत करीब 88 हजार 550 रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक 28 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अकलतरा के वार्ड नंबर 12 स्थित गुरुघासीदास मोहल्ला निवासी टेकूलाल बंजारे (41) ने 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस पर बिक्री के लिए घर में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान घर के तहखाने और गुप्त कमरों से अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद की गई।

देशी शराब से लेकर व्हिस्की और बीयर तक बरामद

पुलिस ने बताया कि जब्त शराब में देशी प्लेन, मसाला, अंग्रेजी व्हिस्की और बीयर शामिल है। कुल 184 लीटर शराब की अनुमानित कीमत 88 हजार 550 रुपये बताई गई है।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी टेकूलाल बंजारे के खिलाफ अकलतरा थाने में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

शुष्क दिवस को लेकर विशेष अभियान

पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस को देखते हुए जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से अवैध शराब के भंडारण और बिक्री पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *