Raipur News: प्रिंस ढाबा तोड़ने पहुंची प्रशासन की टीम, संचालक ने खुद पर उड़ेला पेट्रोल; कार्रवाई स्थगित

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के सड्डू स्थित प्रिंस ढाबे में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रशासन की टीम भारी पुलिसबल के साथ ढाबे को अवैध बताते हुए कार्रवाई करने पहुंची। कार्रवाई के विरोध में ढाबा संचालक ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई स्थगित कर दी।

बताया गया कि प्रशासन की टीम ढाबे को अवैध बताते हुए उसे हटाने की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची थी। इस दौरान ढाबा संचालक और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच जमीन के सीमांकन को लेकर विवाद सामने आया। संचालक का आरोप है कि बिना सीमांकन किए ही प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। उसका यह भी दावा है कि जमीन से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद कार्रवाई की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान बातचीत के बीच ढाबा संचालक ने अचानक खुद पर पेट्रोल डाल लिया और आग लगाने की कोशिश की। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वहां पहले से तैनात पुलिसबल ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी संचालक को समझाने का प्रयास किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल ढाबे पर कार्रवाई रोक दी है। तहसीलदार के मुताबिक, कोर्ट का आदेश आने तक कार्रवाई स्थगित रखी गई है। जमीन के सीमांकन और न्यायालयीन मामले को लेकर आगे की कार्रवाई आदेश के आधार पर की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *