Raipur News: SING FORUM के मंच से CM साय का ग्लोबल इन्वेस्टर्स को न्योता, छत्तीसगढ़ में निवेश और सहयोग का दिया भरोसा

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन SING FORUM के मंच से उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया और उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों और निवेश की संभावनाओं से उद्योग प्रतिनिधियों को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक, नवाचार और वैश्विक निवेश के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों और आधुनिक तकनीक के समन्वय से छत्तीसगढ़ को प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

साय ने कहा कि सिंगापुर की तकनीकी दक्षता और शहरी विकास का अनुभव छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता के साथ मिलकर नई विकास संभावनाएं तैयार कर सकता है। उन्होंने उद्योग जगत को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि सरकार निवेशकों को अनुकूल नीतिगत वातावरण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक के दौरान टेक्नोलॉजी एवं प्रोफेशनल कैपेबिलिटी सेंटर, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, औद्योगिक अधोसंरचना और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच साझेदारी से निवेश के साथ रोजगार के अवसर, कौशल विकास और तकनीकी हस्तांतरण को भी बढ़ावा मिल सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *