Raipur Rojgar Mela : सेवा संकल्प अभियान के तहत रोजगार मेले का आयोजन, युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी के अवसर

Chhattisgarh Raipur Rojgar Mela: रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 7 और 8 अक्टूबर 2026 को रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार विभाग, छत्तीसगढ़ की ओर से आयोजित यह दो दिवसीय मेला बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में होगा।

रोजगार मेले का मुख्य कार्यक्रम 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री एवं जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब, राम विचार नेताम, दयाल दास बघेल, लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, राजेश अग्रवाल और गजेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इसके अलावा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत, अनुज शर्मा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और इंद्र कुमार साहू भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल की भी मौजूदगी रहेगी।

राज्य स्तरीय रोजगार मेले के जरिए प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। मेले में विभिन्न क्षेत्रों और प्रतिष्ठानों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी युवाओं को दी जाएगी। साथ ही युवाओं की योग्यता और कौशल के अनुरूप नियोजन का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

रोजगार विभाग ने प्रदेश के युवाओं से राज्य स्तरीय रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। विभाग के मुताबिक यह मेला युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के विकल्पों को समझने और अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार हासिल करने का अवसर प्रदान करेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *