Chhattisgarh Balod News: बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले का पुलिस ने करीब 8 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने और शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज यश ने करीब तीन महीने पहले एसिड अटैक की साजिश रची थी।
जानकारी के मुताबिक, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान उस पर एसिड फेंककर आरोपी मौके से फरार हो गया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उसे जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। घटना के बाद आरोपी तांदुला डैम की ओर भाग गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में सर्च अभियान शुरू किया गया। उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर घटनास्थल समेत शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान यश ने शुरुआत में अलग-अलग बातें बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। बाद में पूछताछ में उसने युवती से प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, यश ने बताया कि युवती किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करती थी और शादी के लिए तैयार नहीं थी, जिससे वह नाराज था।
पुलिस के मुताबिक, यश ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी। यश के कहने पर करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा। दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन उस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कारण वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
इसके बाद 5 अक्टूबर को करण कुंजाम ने यश के कहने पर लाइब्रेरी से घर लौट रही युवती पर एसिड फेंक दिया। वारदात के बाद करण तांदुला बांध पहुंचा और वहां से लिफ्ट लेकर झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। यश से पूछताछ के बाद पुलिस ने करण की तलाश तेज की और उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में यश कुमार सोनकर पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम नेवारिकला, वार्ड नंबर 11, जिला बालोद और करण कुंजाम पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी समेत कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम की भूमिका रही। बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, धमकी देने या परेशान करने जैसी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
