MP News : महिला की मौत, युवक गंभीर घायल; बिना बीमा और निरस्त रजिस्ट्रेशन वाली कार से हादसा

Tragic accident in Dabra : डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा स्थित साईं विहार कॉलोनी में मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर बैठी महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार में सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, साईं विहार कॉलोनी निवासी सादिक खान के मकान के बाहर उनकी 58 वर्षीय पत्नी रिहाना बानो बैठी थीं। इसी दौरान एमपी 07 सीए 3433 नंबर की एक तेज रफ्तार आल्टो कार अनियंत्रित होकर घर के बाहर पहुंची और रिहाना बानो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मकान की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। कार चला रहा विकाश जाटव घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जबकि कार में सवार राहुल पांडे आगे के शीशे से टकरा गया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। महिला को तत्काल डबरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।

सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे में शामिल आल्टो कार का बीमा नहीं था और वाहन का रजिस्ट्रेशन भी निरस्त हो चुका था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *