दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोटरसाइकिल सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के तुरंत बाद बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई और उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस भयावह हादसे में बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पूरी घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दुर्ग-राजनांदगांव बाईपास मार्ग की है।
टक्कर के बाद कुछ ही मिनटों में राख हुई बाइक
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक बाइक क्रमांक CG 07 CV 3947 पर सवार होकर जा रहा था। वह गाड़ी पर अकेला ही था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर क्रमांक JH 05 DS 0514 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि सड़क पर गिरते ही युवक की जान चली गई और बाइक में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में उसे कंकाल बना दिया।
वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक, पुलिस जांच शुरू
दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद आरोपी ट्रेलर चालक अपने वाहन को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की चीख-पुकार सुनकर और धुआं उठता देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस और एनएचएआई (NHAI) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्चरी (शवगृह) भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
