Monsoon Weather MP News/ भोपाल: मध्य प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी से जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। मौसम विभाग (IMD) ने भोपाल और जबलपुर समेत प्रदेश के 41 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के एक्टिव होने के कारण अगले 4 दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बार मानसून अपने तय समय से 3 से 4 दिन की देरी से चल रहा है, जिसके 18 जून तक मध्य प्रदेश में एंट्री करने की संभावना है। फिलहाल, राज्य के कई हिस्सों में 70 किमी प्रतिघंटे से भी ज्यादा की रफ्तार से आंधी चल रही है।
इन दो जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’, 60 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी
मौसम विभाग ने शिवपुरी और अशोकनगर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहाँ मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक रह सकता है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
41 जिलों में ‘येलो अलर्ट’: धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना
ग्वालियर-चंबल और उत्तर-मध्य क्षेत्र में मानसून पूर्व की गतिविधियां सबसे ज्यादा दिखाई दे रही हैं। मौसम विभाग ने निम्नलिखित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है:
मध्य और भोपाल संभाग: भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़।
ग्वालियर-चंबल संभाग: ग्वालियर, गुना, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां।
जबलपुर और महाकौशल: जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा, डिंडौरी।
सागर और बुंदेलखंड: सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी।
रीवा और शहडोल संभाग: रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर।
नर्मदापुरम और मालवा: नर्मदापुरम, बैतूल, शाजापुर, आगर, नीमच, मंदसौर।
इन जिलों में अभी थमेगा नहीं गर्मी का सितम
एक तरफ जहाँ आधे से ज्यादा मध्य प्रदेश में बारिश की फुहारें लोगों को राहत देंगी, वहीं मालवा-निमाड़ के कुछ हिस्सों में अभी भी तीखी धूप और भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। यहाँ रहेगा गर्मी का असर: इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, हरदा, खरगोन, देवास, खंडवा और बुरहानपुर में फिलहाल तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा।
दिन में तपन, शाम को बौछारें
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में प्रदेश का मौसम काफी अस्थिर है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण दिन के समय सूरज के तेवर तीखे रहते हैं और तापमान बढ़ता है, लेकिन दोपहर बाद या शाम होते-होते स्थानीय सिस्टम एक्टिव होने से तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। अगले 3-4 दिनों तक प्रदेशवासियों को इसी तरह के मिले-जुले मौसम का सामना करना पड़ेगा।
