CG News: सीटीपीएल का शानदार समापन, टीम बेसलाइन ने जीता खिताब, विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र वितरित

Chhattisgah Latest News: रायपुर। यूनियन क्लब में रविवार को मेगा समर कैंप-2026 और छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग (सीटीपीएल) के भव्य समापन के साथ समर कैंप के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केक काटकर उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में खेल प्रेमियों, अभिभावकों, खिलाड़ियों और गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

2 मई से शुरू हुए मेगा समर कैंप में बच्चों को स्विमिंग, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, टेबल टेनिस और बिलियर्ड्स जैसे खेलों का प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सांसद बृजमोहन अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय समेत अन्य अतिथियों ने ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यूनियन क्लब वर्षों से खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। ऐसे समर कैंप बच्चों को सकारात्मक दिशा देते हैं और उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से प्रशिक्षित खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यूनियन क्लब का समर कैंप प्रदेश की खेल संस्कृति और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल और आभासी दुनिया से बाहर निकालकर खेल मैदानों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। खेल बच्चों में संघर्ष करने की क्षमता, टीम भावना और जीवन मूल्यों का विकास करते हैं।

यूनियन क्लब के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव सरदार गुरुचरण सिंह होरा ने बताया कि क्लब हर वर्ष लगभग 1500 बच्चों को विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण देता है। यहां खेलों के साथ-साथ संस्कार और जीवन मूल्यों की शिक्षा भी दी जाती है। क्लब से प्रशिक्षित कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं।

सीटीपीएल का रोमांचक समापन

समर कैंप के समापन अवसर पर आयोजित छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग (सीटीपीएल) का भी शानदार समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में टीम बेसलाइन ने टीम एपिसम को 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिताओं के विजेता

बैडमिंटन प्रतियोगिता में अंडर-11 बालक वर्ग में ईशान नथानी विजेता और समर सांगोई उपविजेता रहे। अंडर-11 बालिका वर्ग में यशाश्वी सिंह ने खिताब जीता, जबकि अवनी मानेकर उपविजेता रहीं। अंडर-15 बालक वर्ग में राघव वर्मा विजेता और सक्षम उपविजेता रहे। अंडर-15 बालिका वर्ग में एकलव्या यादव विजेता तथा राजविका चंद्राकर उपविजेता रहीं। अंडर-19 बालक वर्ग में आदित्य सोनी विजेता और स्पर्श बुधवानी उपविजेता रहे।

लॉन टेनिस प्रतियोगिता के बिगिनर्स वर्ग में वेदांश देवांगन विजेता और आरुष बत्रा उपविजेता रहे। सीनियर वर्ग में मीत पटेल ने खिताब जीता जबकि रोशनी सेठी उपविजेता रहीं। एडवांस वर्ग में आरव मेरिल विजेता और एकलव्य सिंह राजपूत उपविजेता रहे।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, टेनिस संघ के उपाध्यक्ष नरेश चंद्र गुप्ता, यूनियन क्लब के उपाध्यक्ष विजय अग्रवाल, एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी, पार्षद अंबर अग्रवाल, पार्षद सचिन मेघानी, अतुल शुक्ला सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और अभिभावक मौजूद रहे।

समारोह के अंत में यूनियन क्लब के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। अतिथियों ने यूनियन क्लब द्वारा लगातार 25 वर्षों से आयोजित किए जा रहे समर कैंप की सराहना करते हुए इसे प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने वाला अग्रणी संस्थान बताया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *