CG News: नवा रायपुर में सम्मान समारोह, उप मुख्यमंत्री ने शौर्य चक्र से सम्मानित जवानों और परिजनों को दी शुभकामनाएं

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। राष्ट्रपति के हाथों “शौर्य चक्र” से सम्मानित पुलिस एवं सुरक्षा बल के वीर जवानों से उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जवानों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना को नमन किया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित जवानों के परिजन और परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ और देश को ऐसे वीर सपूतों पर गर्व है, जिन्होंने कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि इन जवानों की वीरता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत करती है।

मुलाकात के दौरान शर्मा ने शौर्य चक्र से सम्मानित इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट, इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख और 3 असम राइफल्स के राइफलमैन भोज राम साहू के साहसिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने जवानों के परिजनों से भी संवाद किया और कहा कि देश सेवा के इस गौरवपूर्ण योगदान में परिवारों का त्याग, सहयोग और समर्थन भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

गौरतलब है कि इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट और इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख को वर्ष 2024 में कांकेर क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए बड़े अभियान में असाधारण नेतृत्व, साहस और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करने के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। वहीं राइफलमैन भोज राम साहू को भारत-म्यांमार सीमा क्षेत्र में घुसपैठ विरोधी अभियान के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मोर्चा संभालते हुए अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा बलों के जवानों के सम्मान, कल्याण और उनके परिवारों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सम्मानित जवानों एवं उनके परिजनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका साहस और बलिदान पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *