Chhattisgarh News: रायपुर। भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जुलाई के पहले सप्ताह में छत्तीसगढ़ का दौरा कर सकते हैं। प्रस्तावित दौरे को लेकर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सूत्रों के अनुसार, शुरुआत में केंद्रीय मंत्री के हेलिकॉप्टर से हवाई सर्वे की चर्चा थी, लेकिन नितिन गडकरी ने स्वयं सड़क मार्ग से निरीक्षण करने की इच्छा जताई है। यदि कार्यक्रम को अंतिम रूप मिलता है तो वे रायपुर से विशाखापट्टनम तक सड़क मार्ग से यात्रा कर परियोजना की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे। इस दौरान वे सड़क की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और निर्माण कार्य की गति का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे।
केंद्रीय मंत्री के संभावित दौरे की सूचना मिलते ही एनएचएआई के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। रूट पर पैचवर्क, साफ-सफाई, साइन बोर्डों की मरम्मत और डिवाइडरों को व्यवस्थित करने का कार्य तेज गति से कराया जा रहा है, ताकि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की कमी सामने न आए।
करीब 16,482 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत वर्ष 2020-21 में हुई थी। भूमि अधिग्रहण और पर्यावरणीय स्वीकृतियों में देरी के कारण परियोजना की गति प्रभावित हुई थी, लेकिन अब निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक कॉरिडोर का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष हिस्से, जिनमें टनल और वाया-डक्ट जैसे महत्वपूर्ण निर्माण शामिल हैं, उन्हें दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना का बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ से होकर गुजरता है।
एनएचएआई के प्रभारी क्षेत्रीय अधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का जुलाई के पहले सप्ताह में दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे परियोजना की समीक्षा कर सकते हैं, हालांकि अभी कार्यक्रम की अंतिम तिथि और विस्तृत शेड्यूल को लेकर आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
