इस प्रशासनिक बदलाव के पीछे की वजह बेहद खास है। दरअसल, विवाह के बाद केंद्र सरकार की ‘कॉमन कैडर नीति’ (Inter-State Cadre Change) के तहत उन्होंने अपने पति के साथ मध्य प्रदेश में सेवाएं देने का विकल्प चुना था, जिसे मंजूरी दे दी गई है।
कांग्रेस नेता सुशील आनंद शुक्ला की पुत्री हैं श्रद्धा
बता दें कि आईएएस श्रद्धा शुक्ला छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला की पुत्री हैं। कुछ महीने पहले ही उनका विवाह मध्य प्रदेश कैडर के 2022 बैच के ही आईएएस अधिकारी ऐश्वर्या वर्मा से हुआ था। विवाह के बाद इस प्रशासनिक दंपती को एक ही राज्य में काम करने का अवसर मिले, इसके लिए श्रद्धा शुक्ला ने नियमों के तहत मध्य प्रदेश कैडर का विकल्प चुना था।
क्या है अखिल भारतीय सेवा का यह नियम?
प्रशासनिक हलकों में इस ट्रांसफर की काफी चर्चा है। इसे अखिल भारतीय सेवाओं (All India Services) में लागू उस विशेष व्यवस्था का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत पति-पत्नी दोनों अधिकारियों को पारिवारिक समन्वय के लिए यथासंभव एक ही राज्य में पदस्थापना (Posting) देने का प्रयास किया जाता है।
नियमों के मुताबिक, जब दो अलग-अलग राज्यों के कैडर अधिकारी आपस में विवाह करते हैं, तो वे किसी एक राज्य के कैडर के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, आमतौर पर इसमें ‘होम स्टेट’ (गृह राज्य) का विकल्प नहीं मिलता। चूंकि श्रद्धा शुक्ला का गृह राज्य छत्तीसगढ़ है, इसलिए उन्होंने मध्य प्रदेश कैडर को प्राथमिकता दी। दोनों राज्यों की सहमति के बाद केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने इस पर अंतिम मुहर लगाई है।

