रायपुर। राजधानी रायपुर में पिछले 12 घंटों के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने से सनसनी फैल गई है। खमतराई और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रों में सामने आए इन मामलों ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। शुरुआती जांच में तीनों मामलों में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
WRS कॉलोनी में खून से लथपथ मिला युवक का शव
पहला मामला खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी का है, जहां रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक खुले मैदान में अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं तथा घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी भारी पत्थर से सिर पर वार कर की गई है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस को युवक के दाहिने हाथ पर “RK सारथी” नाम का टैटू मिला है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
मेटल पार्क में मिला 5 दिन पुराना शव
खमतराई थाना क्षेत्र के मेटल पार्क इलाके में भी एक अज्ञात युवक का शव मिला है। पुलिस के अनुसार शव करीब चार से पांच दिन पुराना है और काफी हद तक सड़-गल चुका है, जिससे पहचान में कठिनाई हो रही है।
मृतक के शरीर पर “चांदनी” नाम का टैटू मिला है। पुलिस इस मामले को भी संदिग्ध मानते हुए हत्या के एंगल से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है।
भाठागांव में भी मिला शव
तीसरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव इलाके का है। यहां रिंग रोड किनारे एक शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस की जांच तेज
लगातार तीन शव मिलने की घटनाओं के बाद रायपुर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों में हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शवों की पहचान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने और घटनाओं के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
