दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से अपराध का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कचांदुर गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध जर्दा युक्त गुटखा, रॉ मटेरियल और पैकेजिंग मशीनें जब्त की हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा अवैध कारोबार डिटर्जेंट पाउडर (वॉशिंग पाउडर) बनाने के नाम पर किराए के गोदाम में चलाया जा रहा था।
डिटर्जेंट के नाम पर लिया था गोदाम मिली जानकारी के अनुसार, सुपेला निवासी मोहम्मद मुस्तफा के गोदाम को उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी मोहम्मद शान ने करीब 20 दिन पहले किराए पर लिया था। सौदा तय होते समय आरोपी मोहम्मद शान ने गोदाम मालिक को बताया था कि वह यहां डिटर्जेंट पाउडर बनाने का काम करेगा। लेकिन गोदाम लेने के बाद से ही उसका मकान मालिक से कोई संपर्क नहीं हुआ।
मोबाइल बंद होने पर हुआ शक, पुलिस ने मारा छापा किराएदार मोहम्मद शान का मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा था, जिससे गोदाम मालिक को कुछ गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। उसने बिना देर किए इसकी सूचना जेवरा सिरसा चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम कचांदुर स्थित गोदाम पहुंची और जब अंदर की जांच की, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई।
32 बोरा तैयार गुटखा और मशीनें बरामद पुलिस की छापेमारी में गोदाम के भीतर से भारी मात्रा में अवैध सामग्री और मशीनें बरामद की गईं, जिनमें शामिल हैं:
-
32 बड़े बोरों में पैक किया हुआ तैयार गुटखा
-
32 बोरों में रखी मीठी सुपारी
-
गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में रॉ मटेरियल
-
पैकेजिंग और मिक्सिंग के लिए लगाई गई ऑटोमैटिक मशीनें
फूड सेफ्टी विभाग को सौंपी गई सामग्री, आरोपी की तलाश जारी मामले की गंभीरता और खाद्य पदार्थों में मिलावट व अवैध निर्माण को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फूड सेफ्टी विभाग की टीम को भी मौके पर बुला लिया। पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर बरामद सामग्री को फूड सेफ्टी विभाग को सौंप दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में साफ हो गया है कि यहां अवैध रूप से गुटखे की मैन्युफैक्चरिंग और पैकेजिंग का काम धड़ल्ले से चल रहा था। फिलहाल पुलिस और प्रशासन संबंधित आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रहे हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
